काशीपुर। डीआईजी (कुमाऊं) जगतराम जोशी ने एएसपी कार्यालय में क्षेत्र के अधीनस्थ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। डीआईजी ने संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ दिसंबर के अंत तक हर हाल में निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी जोशी ने शुक्रवार को काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, कुंडा, दिनेशपुर आदि थाने के अधिकारियों की बैठक ली। डीआईजी ने थानेवार मुकदमों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने बीट सूचना तंत्र मजबूत करते हुए वांछितों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थानों में टीमें गठित कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करें। एक भी सक्रिय अपराधी घूमता नजर नहीं आए। सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अपराध का रिकार्ड एकत्र कर उनके खिलाफ गुंडा, गैंगस्टर एक्ट व जिला बदर जैसी कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि दिसंबर के अंत तक सभी वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पेंडिंग मुकदमों की तय अवधि में विवेचना पूरी करें। शीतऋतु में चोरी की वारदातें एकाएक बढ़ जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक थाने और चौकी क्षेत्र से रात 11 बजे के बाद गश्त के लिए पेट्रोलिंग पार्टियां रवाना की जाए, जो सुबह पांच बजे तक गश्त करें।
बैठक में एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ मनोज ठाकुर, कोतवाल काशीपुर चंद्रमोहन सिंह, बाजपुर कोतवाल नंदाबल्लभ भट्ट, आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप अधिकारी, थाना प्रभारी राजेश यादव, दिनेशपुर थाना प्रभारी जसविंदर सिंह, केलाखेड़ा थाना प्रभारी ओमप्रकाश, एसएसआई जसपुर के अलावा काशीपुर कोतवाली के सभी एसआई मौजूद रहे।