काशीपुर। बीती रात से लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मियों को नदियों के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने और बाढ़ नियंत्रण केंद्र को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार की देर रात से शुरू हुई हल्की बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण नदियों के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने के लिए तहसीलदार पंकज चंदौला ने ढेला व बहल्ला नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ढेला व बहल्ला नदी से सटे भवनों में रहने वालों को सचेत रहने को कहा। तहसीलदार ने बताया कि क्षेत्र में आठ बाढ़ चौकियां और दो राहत केंद्र बनाए गए हैं। बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीण को सचेत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिस्सरवाला व प्राथमिक विद्यालय दभौरा मुस्तहकम अजीतपुर अति संवेदनशील बाढ़ चौकी है। जहां पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही तहसील कार्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया हुआ है। जिसका दूरभाष नंबर 05947- 274026 और जिला कार्यालय का 05944-250250, 250103 और टोल फ्री 1077 पर सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया फिलहाल ढेला व बहल्ला के जलस्तर की स्थिति सामान्य है।