श्री सनातन धर्म सभा की ओर से 27 मार्च को दो बसों के साथ तीर्थ यात्रा को रवाना हुआ श्रद्धालुओं के जत्थे का बृहस्पतिवार शाम को मां ज्वाला देवी की अखंड ज्योत लाने पर शहरवासियों ने भव्य स्वागत किया। शहर की सड़कों पर ढोल नगाड़ों और बैंडबाजों के साथ स्वागत हुआ। इस दौरान देवी मां के भजनों पर महिला, पुरुष और बच्चे जमकर झूमे।
शहर के इंदिरा चौक पर पहुंचते ही तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए शहर के तमाम लोग बैंडबाजों के साथ मौजूद थे। इंदिरा चौक से शुरू हुई मां ज्वाला की अखंड ज्योत की शोभायात्रा शहर के बीच से होते हुए पांच मंदिर पर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और देवी मां के जयकारे लगाए।
पांच मंदिर पर विधायक राजकुमार ठुकराल और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने तीर्थयात्रियों के साथ अखंड ज्योति का भव्य स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद देवी मां की अखंड ज्योति को मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर में विराजमान कर दिया गया। पूरे नवरात्र तक देवी मां के भक्त इस अखंड ज्योति के दर्शन करते हैं।
स्वागत करने वालों में श्री सनातन धर्म सभा के कार्यकारी अध्यक्ष नंद लाल भुड्डी, महामंत्री महेश बब्बर, नरेश अरोरा, विजय जग्गा, सुरेश राजदेव, राकेश सुखीजा, अश्वनी बजाज, राजेश छाबड़ा, हरीश अरोरा, संजय जुनेजा, सुशील गाबा, जगदीश तनेजा, सुरेंद्र तनेजा, दीपक गुगलानी, बलवंत अरोरा, गुलशन छाबड़ा, गुरमीत सिंह, अमित सिंह, विजय विरमानी, मनोज मुंजाल सहित तमाम शहरवासी शामिल थे।