लालकुआं-गूलरभोज स्टेशन के मध्य टॉडा क्रासिंग पर 53.03 लाख से निर्मित रुद्रपुर-सिडकुल हाल्ट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने किया। वहीं उन्होंने काशीपुर को जाने वाली ट्रेन संख्या 55317 को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। अब रुद्रपुर से काशीपुर अब मात्र 15 रुपये में पहुंचा जा सकेगा।
लोकार्पण समारोह में कहा कि इस हाल्ट स्टेशन के खुल जाने से क्षेत्रीय जनता विशेषकर काशीपुर, बाजपुर के दैनिक यात्रियों को आवागमन की विशेष सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस स्टेशन के शुरू होने से सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों लोगों को फायदा भी मिलेगा। कोश्यारी ने केंद्र की मोदी सरकार की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मुंबई को सीधी रेल सेवा चलने लगेगी। एजीएम एसएल वर्मा ने बताया रुद्रपुर-सिडकुल हाल्ट के निर्माण में कुल 53.03 लाख रुपये की राशि व्यय हुई है, जिसमें से 12.40 लाख का सहयोग सांसद निधि से मिला।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव पासी ने कहा कि इस हाल्ट को बनवाने के लिए उन्होंने कई अड़चनों का सामना किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की स्वीकृति के बाद वन विभाग की तमाम अड़चनों एवं नाम को लेकर हुए लंबे प्रशासनिक संघर्ष के बाद यह हाल्ट जनता को मिला है।
कार्यक्रम में विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, केशव दत्त पासी, सुभाष चतुर्वेदी, डीएम अक्षत गुप्ता, एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले, डीआरएम सीएम जिन्दल, आरसी श्रीवास्तव, रितेश गुप्ता, सुमित गर्ग, एसकेएस रतूड़ी, अरूण कुमार, डीके वर्मा आदि उपस्थित थे।