क्षेत्र में धीरे-धीरे डेंगू अपने पैर पसारने लगा है। रुद्रपुर में डेंगू के शुरुआती लक्षण मिलने के बाद मां-बेटी समेत नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी ने मरीजों के स्वास्थ्य को परखा। बृहस्पतिवार देर शाम भगत सिंह चौक, रुद्रपुर निवासी अल्का ग्रोवर (46) और उनकी पुत्री टीना ग्रोवर (16) में बुखार की शिकायत पर रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां डॉक्टरों ने डेंगू के शुरुआती लक्षण बताकर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया। शनिवार को जिला मलेरिया अधिकारी बीसी जोशी ने मरीजों का स्वास्थ्य को जांचा। साथ ही अस्पताल में डेंगू से पीड़ित सात अन्य लोगों को भर्ती कराया। जिला मलेरिया अधिकारी ने अस्पताल में भर्ती बरेली निवासी रामपाल (70), आदर्श कॉलोनी निवासी राना (26), दिनेशपुर निवासी वंदना मिश्रा (26), गूलरभोज निवासी प्रकाश चंद्र (20), छतरपुर निवासी दीक्षा (25), रुद्रपुर निवासी साहिल सरकार (13), जगतपुरा निवासी विजय लक्ष्मी (46) से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुए सभी मरीजों में अभी डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। शुुरुआती जांच में वायरल सामने आ रहा है। अभी कार्ड टेस्ट किया गया है। एलाइजा टेस्ट के बाद ही डेंगू की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने कहा कि डेंगू की शिकायत पर मरीज जिला अस्पताल में नि:शुल्क जांच करा सकते हैं। यहां एलाइजा टेस्ट की पूरी सुविधा है।