जसपुर। राशन डीलर की अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर धरना किया। विभागीय अफसर की डीलर को फटकार के बाद ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। पतरामपुर गांव के ग्रामीणों को शिकायत थी कि उनका डीलर उन्हें समय से राशन उपलब्ध नहीं कराता है। पिछले माह का राशन अभी तक नहीं बांटा गया है। घर-घर जाकर बायोमेट्रिक मशीन में फिंगर लगवाता है। कभी-कभी अगले माह का राशन देने से पूर्व पिछले माह का राशन ही गायब कर देता है।
इन सब शिकायतों को लेकर ग्रामीण डीलर की दुकान के आगे धरने पर बैठ गए और उन्होंने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसकी शिकायत उन्होंने एसडीएम से भी की। एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक मुकुल गजरोला ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
उन्होंने डीलर को फटकार लगाई और भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। तब ग्रामीण शांत हुए। धरना देने वालों में सुखदेव सिंह, सुखदीप कौर, सरजीत सिंह, जोगा सिंह, ओमकार, हरिओम आदि थे।