रुद्रपुर। सिख समुदाय के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सितारगंज पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पुलिस ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग भी की गई।सितारगंज के धानचौड़ा गांव से आए लोग शनिवार को पहले एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी के नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
उनका कहना था कि गांव के जसवीर सिंह को 12 अप्रैल को सितारगंज पुलिस ने कोतवाली के सामने रोक लिया और उसकी बाइक के कागजात मांगने लगे। बाइक का इंश्योरेंस नहीं था जिस पर पांच सौ रुपये का चालान काटकर बाइक सीज कर दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक को बाल पकड़कर बुरी तरह पीट दिया और उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने युवक को शारीरिक और मानसिक रुपये प्रताड़ित करने के साथ ही धार्मिक भावनाओं का भी अनादर किया है। उन्होंने बेरहमी से पीटने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जसवीर सिंह, हरविंदर सिंह, गुरनाम सिंह, पूरन सिंह, सुच्चा सिंह, हिम्मत सिंह, बलजीत सिंह, दर्शन सिंह, गुरदयाल सिंह, बलवंत सिंह, दिलीप सिंह आदि थे।