काशीपुर। एक मोहल्ले में स्थित घर में मौजूद पांच महिलाओं सहित छह लोगों को मोहल्लेवासियों ने संदिग्ध हालात में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भागने के चक्कर में एक युवक मकान की दूसरी मंजिल से कूदकर घायल हो गया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। मोहल्लेवासियों ने कटोराताल चौकी इंचार्ज का घेराव कर आरोपियों पर देह व्यापार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
रविवार देर शाम विजयनगर नई बस्ती के लोगों ने देह व्यापार होने के आशंका में एक घर को घेर लिया। कमरे में मकान मालिक के अलावा पांच महिलाएं और दो युवक मौजूद थे। लोगों से खुद को घिरा देख दोनों युवक भागने के लिए छत की सीढ़ी से नीचे कूद गए। इससे एक युवक घायल हो गया, जबकि एक भागने में सफल रहा।
सूचना पर कटोराताल चौकी इंचार्ज प्रहलाद सिंह बिष्ट महिला दरोगा और कांस्टेबलों के साथ मौके पर पहुंचे और सभी संदिग्धों को चौकी ले गई। कमरे से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है। मोहल्लेवालों ने चौकी में इंचार्ज प्रहलाद का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि काफी लंबे समय से मकान में देह व्यापार हो रहा था।
मकान में संदिग्ध महिला और पुरुषों का आना-जाना रहता था। कहा कि मकान मालिक खुद को पुलिस का आदमी बताकर उल्टा उन्हें ही धमकाता था। उधर, पकड़ी गई महिलाओं में तीन विवाहित है और रामनगर, लक्ष्मीपुरपट्टी, टांडा उज्जैन और विजयनगर की रहने वाली हैं। वहीं पकड़ा गया युवक ठाकुरद्वारा का रहने वाला है। चौकी इंचार्ज प्रहलाद ने बताया कि मोहल्लेवालों की तरफ से तहरीर मिल गई है। आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।