काशीपुर। लंबे समय से बंद चल रहे नैनीताल रुट पर रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग हो रही है। स्थानीय लोगों की मांग पर रोडवेज डिपो ने परिवहन मुख्यालय से दो छोटी बसों की मांग की है। छोटी बसें मिलने के बाद इस रूट पर बस संचालन शुरू होने की संभावना है।
काशीपुर से नैनीताल जाने वाले लोगों को निजी बसों का सहारा लेना पड़ता है। शहर में रहने वाले यश प्रजापति, मोहन सिंह रावत, ठाकुर सिंह, अधिवक्ता शीशपाल सिंह आदि ने डिपो से नैनीताल के लिए बस चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि काशीपुर से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू होनी चाहिए। नैनीताल के लिए बस सेवा शुरू होती है तो उन्हें निजी बसों से जाना नहीं पड़ेगा। बताया कि नैनीताल में हाईकोर्ट है। मुकदमों की सुनवाई के सिलसिले में अक्सर स्थानीय लोगों को नैनीताल जाना पड़ता है।
डिपो के प्रभारी सहायक महाप्रबंधक नवीन आर्य ने बताया कि काशीपुर से नैनीताल के लिए पहले बस सेवा शुरू थी लेकिन यात्रियों के अभाव के चलते इसे बंद कर दिया गया था। रामनगर डिपो से दो छोटी बसें मिलने की उम्मीद है। छोटी बस मिलने के बाद यदि यात्री मिलेंगे तो नैनीताल के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी।