जसपुर। गुर्जर बस्ती के ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात की। उन्होंने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में परिवार के नाम जोड़े जाने की मांग की। एसडीएम ने ग्रामीणों को तहसीलदार से मिलकर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत करनपुर निवासी अब्दुल करीम एवं अब्दुल रहीम मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां एसडीएम चतर सिंह चौहान को बताया कि गांव की गुर्जर बस्ती में 40 परिवार निवास करते हैं। उनके परिवार के लगभग 100 वोट हैं। वह लगातार विधानसभा, लोकसभा एवं पंचायत चुनाव में वोट करते चले आ रहे हैं। वर्ष 1988 में पंचायत चुनाव की सूची से उनके परिवार के नाम काट दिए गए। वह पंचायत चुनाव में तो वोट नहीं कर पा रहे हैं अलबत्ता विधायक एवं सांसद चुनने को वोट जरूर करते हैं। उन्होंने प्रशासन की दोहरी नीति पर रोष व्यक्त किया। अब्दुल ने बताया कि उनके व परिवार के पास आधार, पैन एवं राशन कार्ड समेत पास्पोर्ट, पहचान पत्र, आय प्रमाणपत्र तक है। अधिकारियों ने जब उनकी सुनवाई नहीं की तो उन्हें हाईकोर्ट का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट ने साक्ष्य सही होने पर नाम जोड़े जाने के आदेश भी दिए हैं।