काशीपुर में बंशीधर भगत का स्वागत करते चैंबर के सदस्य।
- फोटो : KASHIPUR
पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का स्वागत किया। उद्यमियों ने उनके समक्ष एस्कार्ट फार्म में एजुकेशनल हब और उत्तराखंड में प्रस्तावित कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना कराए जाने की मांग रखी। इस दौरान विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि अधिकारी निरंकुश हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों तक की सुनवाई नहीं हो रही है।
बृहस्पतिवार को पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के उपसभापति राजीव घई के आवास पर पीएचडी चैंबर की बैठक हुई। इसमें मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का स्वागत किया गया। चैंबर ने अपनी मांगों को लेकर भगत को ज्ञापन सौंपा। इसमें एस्कार्ट फार्म में अवशेष पड़ी 500 एकड़ भूमि पर एजुकेशन हब और टाटा कैंसर संस्थान स्थापित करने की मांग की गई।
इसके अलावा काशीपुर में निर्माणाधीन आरओबी का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और सर्विस रोड को ठीक कराने की मांग भी रखी। भगत ने डीएम से वार्ता कर तीन दिनों के भीतर सर्विस रोड दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। वहां पर उद्यमी योगेश जिंदल, योगेन्द्र जिंदल, अपूर्व जिंदल, चक्रेश जैन, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, मोहन बिष्ट, पंकज अरोरा, पुष्पेन्द्र सिंघल, प्रवीन सेठी, सुशील संगल, मुनेष सिंघल, राजीव परनामी आदि थे।