रुद्रपुर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मेयर विकास शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शहर में नाम और धर्म छुपाकर कारोबार कर रहे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
मेयर ने जल्द ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाने का आश्वासन दिया है। कहा कि बिना लाइसेंस शहर में कारोबार करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
बुधवार को विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने महापौर को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बाहर से आकर यहां अपनी पहचान छुपाकर काम कर रहे हैं। देवी-देवताओं के नाम पर दुकानें खोलकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।
इससे कभी भी क्षेत्र में माहौल खराब हो सकता है। बाहर के लोग यहां आकर कारोबार करें, इसमें उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे लोग अपना नाम छिपाकर कारोबार न करें। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि निगम की ओर से सभी व्यापारियों के ट्रेड लाइसेंस और वेडिंग लाइसेंस जारी किये जाते हैं।
लाइसेंस बनने के बाद कोई भी व्यक्ति अपना नाम छिपाकर या धर्म छिपाकर शहर में कारोबार नहीं कर पाएगा। जिसने भी ट्रेड लाइसेंस या वेंडिंग लाइसेंस नहीं बनवाया है वह समय रहते अनिवार्य रूप से बनवा लें।
वहां पर जिला संगठन मंत्री भानु, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुल्तान सिंह, नगर अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह चौहान रहे।