काशीपुर। दिव्यांगों ने पेंशन के लिए आय प्रमाण की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की।
उत्तराखंड मूक बधिर विकलांग समिति प्रदेश अध्यक्ष एमए राहुल के नेतृत्व में दिव्यांगों ने बुधवार को एसडीएम के पेशकार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों, मूक बधिरों को विकलांग पेंशन के लिए ऑनलाइन फार्म भरने में खासी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन फार्म भरने में यूपीआई नंबर के साथ आय प्रमाण पत्र मांगा जाता है, जबकि दिव्यांग कोई काम नहीं करते हैं। ऐसे में पेंशन के लिए आय प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए। साथ ही एडीओ समाज कल्याण को सप्ताह में एक दिन काशीपुर तहसील में बैठाया जाए, ताकि दिव्यांगों की समस्या उन्हें बताई जा सके। समिति अध्यक्ष एमए राहुल ने दिव्यांगों की पेंशन तीन हजार रुपये महीना करने की मांग की। वहां पर रामबाबू, जाकिर हुसैन, नरगिस, प्रभा, मुन्नू सिंह, आशिफ, कादिर, राशिद आदि थे।
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को लेकर हुई चर्चा
खटीमा। ग्राम जंगल जोगीठेर नगरा में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान विषय पर कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल जज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर सचिन कुमार पाठक ने बुजुर्गों के अधिकार की कानूनी जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा का अधिकार, नशे की प्रवृत्ति आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। किसान आयोग अध्यक्ष राजपाल सिंह ने थारू जनजाति के इतिहास के बारे में बताया। वहां कमला गोस्वामी, जितेंद्र गौतम, प्रभु दयाल, लाल सिंह, गीता शर्मा, ठग्गू देवी, प्रीति राना आदि थे।