रुद्रपुर। नामी फूड कंपनियों के डिलीवरी राइडरों ने कमीशन में इजाफे सहित विभिन्न मांगों को लेकर गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मांगें पूरी होने पर ही काम शुरू करने की चेतावनी दी है। बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडरों ने मंगलवार को समाजसेवी सुशील गाबा की अगुवाई में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियों के राइडर पिछले सात दिनों से प्रति किलोमीटर रेट बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर हैं। दोनों कंपनियों की ओर से चंडीगढ़ सहित कई शहरों में 10 से लेकर 12 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान किया जाता है। रुद्रपुर में केवल तीन से लेकर पांच रुपये किलोमीटर तक का इंसेंटिव दिया जा रहा है। इसके साथ ही कोई हादसा होने पर राइडर का इलाज नहीं कराया जाता है।
सुशीला गाबा बोले, श्रम विभाग को भी यह देखना चाहिए कि बिना ईएसआई और पीएफ आदि के नियमों के पालन के बगैर कैसे यह कंपनियां उत्तराखंड में चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिन में समस्याएं हल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहां पर पूर्व पार्षद मोनू निषाद, सचिन मुंजाल, शेखर, विजय, सौरभ, सुखविंदर सिंह, मुनेंद्र, समर सहित अनेक मौजूद रहे।