मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दिल्ली में जब लोकपाल बन जाएगा, तब उत्तराखंड में भी लोकायुक्त की नियुक्ति कर दी जाएगी।
बाजपुर रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री रावत यहां एक होटल में थोड़ी देर के लिए रुके थे। जहां पर उन्होंने लोगों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन लिया और उनकी की समस्याएं सुनी।
यहां पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं रहती है। विपक्ष के लोग बिना किसी के कारण के हल्ला करते हैं।
कहा कि वह प्रदेशवासियों को रमजान की मुुबारकबाद देते हैं। कहा कि प्रदेश सरकार सबकी तरक्की की दिशा में प्रयास कर रही है।
इससे पहले कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री शुभम शर्मा, महेंद्र शर्मा, विमल गुड़िया, सुशील गुड़िया, अशोक सक्सेना, राजेश एडवोकेट, सफीक अहमद अंसारी, राजीव कचौरिया, रवि सारस्वत, मोहित चौधरी, विधु शेखर, लब्बा सिंह, माजिद अली, एम राहुल मौजूद थे।