शहर में सरकारी, अर्द्ध सरकारी संपत्तियों पर लगे होर्डिंग्स, पोस्टर, बैनर, कटआउट आदि को हटाया गया। इससे शहर अब पहले से अधिक साफ लग रहा है। एमएनए ने हिदायत दी है कि अगर अब कोई सरकारी, अर्द्ध सरकारी संपत्तियों पर प्रचार सामग्री लगाएगा तो हटाने का खर्चा भी उसी से वसूला जाएगा। जिसकी प्रचार सामग्री लगी होगी।
बुधवार को अमर उजाला ने छात्र नेताओं ने शहर को किया बदरंग शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसे नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी पीएस राणा ने बड़ी गंभीरता से लिया। उन्होंने नगर निगम के कर अधिकारी को सरकारी संपत्तियों पर लगे प्रचार-सामग्री को तुरंत हटाने का आदेश दिया। इसके बाद निगम के कर अधिकारी संजय कुमार पूरी टीम ले कर प्रचार-सामग्री को हटाने निकल पड़े। कुमार ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक, रामनगर रोड, जसपुर-मुरादाबाद रोड, बाजपुर रोड पर नगर निगम की सीमा में आने वाले क्षेत्रों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर, कटआउट आदि प्रचार-सामग्री को हटाया गया है। यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।