राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित हो गई है। 8 अक्तूबर को नामांकन प्रक्रिया होगी और 10 अक्तूबर को मतदान होगा। चुनाव तिथि घोषित करने के साथ ही कॉलेज में आचार संहिता भी लागू कर दी गई है।
3 अक्तूबर को घोषित छात्र संघ चुनाव दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुए टकराव के बाद डीएम ने स्थगित कर दिया था। बीते दिनों दोनों प्रत्याशियों के बीच समझौते के बाद छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित करने के लिए माथापच्ची भी शुरु हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस की तरफ से मिली शांति व्यवस्था की रिपोर्ट और डीएम की अनुमति के बाद एसडीएम दयानंद सरस्वती ने डिग्री कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अर्जुन सिंह सिराड़ी और सीओ राजीव मोहन के साथ बैठक की। बैठक में चुनाव की तिथि को लेकर गहन मंत्रणा की गई।
विश्वविद्यालय की गाइड लाइन को देखते हुए 10 अक्तूबर को चुनाव कराने का फैसला लिया गया। एसडीएम सरस्वती ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नामांकन बिक्री होगी। 8 अक्तूबर को सुबह 9 से 2 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। 9 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ ही वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 10 अक्तूबर को सुबह 8 से 2 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन मतगणना के बाद जीते पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि कॉलेज में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया होने तक कक्षाएं नहीं चलेंगी।