रुद्रपुर। टांडा जंगल का सुनसान रास्ता मौत का हाईवे बनता जा रहा है। दिन हो या रात, यहां गाड़ियां फर्राटा भरती हैं और लगभग हर महीने दो हादसाें से यह सड़क खून से लाल हो जाती है। सीधी और खाली सड़क देखकर चालक 100-120 की स्पीड से गाड़ी दौड़ाते हैं। नतीजा यह होता है कि जरूरत पड़ने पर समय पर ब्रेक न लगने, ओवरटेक के कारण अनियंत्रित होकर गाड़ी पेड़ या डिवाइडर से टकरा जाती है।
पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो बीते सात महीने में यहां 14 बड़े हादसे हो चुके हैं। इनमें नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सबसे ज्यादा हादसे का शिकार युवा और बाइक सवार हो रहे हैं। रात 10 बजे के बाद यहां एंबुलेंस और पुलिस के सायरन आम हो गए हैं। पुलिस का मानना है कि हादसों की सबसे बड़ी वजह ओवरस्पीडिंग है।
जंगल होने के कारण यहां न तो स्पीड ब्रेकर हैं, न पर्याप्त लाइट और ना ही रिफ्लेक्टर। मोबाइल पर बात करते हुए और नशे में गाड़ी चलाने के केस भी बढ़े हैं। कई बार जंगली जानवर अचानक सामने आ जाने से भी चालक घबरा कर वाहन से नियंत्रण खो देते हैं।
60 की स्पीड तय लेकिन 100-120 पर दौड़ रहे वाहन
हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। प्रमुख जगहों पर स्पीड लिमिट के बोर्ड, रिफ्लेक्टर और रात्रि गश्त बढ़ाई गई है। नियमों की बात करें तो यहां पर पुलिस, परिवहन विभाग और एनएचएआई की ओर से जंगल वाले रास्ते में अधिकतम 60 की स्पीड वाले बोर्ड लगाए गए हैं लेनिक चालक 100-120 की रफ्तार में वाहन दौड़ा रहे हैं।
टांडा जंगल में हुए हादसों पर एक नजर
हादसा-1
26 अगस्त 2025 को टांडा जंगल में स्कॉर्पियो और अल्टो की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई थी। इसमें अल्टो सवार बनभूलपुरा निवासी अफसरी, शाहजहां और जाहिद की मौत हो गई थी। सभी रुद्रपुर में बीमार वृद्धा को देखने के लिए गए थे कि देर रात हादसा हो गया था।
हादसा-2
इसी साल एक मार्च को मूलरूप से शाहजहांपुर कटरा व हाल में बनभूलपुरा के गफूर बस्ती निवासी 26 वर्षीय शकील की बेलबाबा से थोड़ा आगे टांडा रोड स्थित हाथी काॅरिडोर में हाथी से बाइक टकरा गई थी। हादसे में शकील की जान चली गई जबकि दूसरा घायल हो गया था।
हादसा-3
20 अप्रैल को स्काॅर्पियों की टक्कर से तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। मृतक 20 वर्षीय अनिकेत जसपुर, 22 वर्षीय रोहन हरिद्वार और 24 वर्षीय आकाश रामपुर यूपी का निवासी था। तीनों पंतनगर के सिडकुल में एक कंपनी में काम करते थे।
हादसा-4
12 जुलाई की रात टांडा जंगल में ओवरस्पीड में एक कार भैंस से भिड़ने के बाद दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में रुद्रपुर निवासी 48 वर्षीय विनोद मिगलानी की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।
कोट
टांडा जंगल में हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ओवरस्पीड में चालान कर रही है। इसके अलावा सीपीयू चेकिंग कर रही है। नियम तोड़ने वालों से अब और सख्ती से निपटा जाएगा। - अजय गणपति, एसएसपी