रुद्रपुर। हल्द्वानी रोड पर सिडकुल के पास बाइक की तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। दो बाइकों की भिड़ंत में एक फैक्ट्री कर्मी की मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, उसे उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक जगतपुरा निवासी प्रकाश मालाकार (18) पुत्र पंकज मालाकार छत्तरपुर मार्ग स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार सुबह वह अपने साथी जगतपुरा निवासी दीपांकर के साथ बाइक पर सवार होकर फैक्ट्री जा रहा था। नैनीताल रोड पर छत्तरपुर मोड़ के पास दूसरी तरफ से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई, इससे बाइक पर सवार प्रकाश मालाकार और दीपांकर बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश और दीपांकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल ल जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने दोनों को हल्द्वानी रेफर कर दिया। हल्द्वानी ले जाते समय प्रकाश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता पंकज मालाकार सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।