सितारगंज। क्षेत्र में हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज फिर एक युवक की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक था और साधूनगर खनन क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली चलाता था। सोमवार की शाम करीब तीन बजे साधूनगर खनन क्षेत्र के कश्मीरी फार्म घाट पर नकुलिया गांव के अरविंद राणा (21) पुत्र जगदीश राणा को अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अरविंद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
जहां डॉ. हर्ष सिंह ऐरी ने उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे हल्द्वानी लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इस पर परिजन उसके शव को अपने साथ घर ले गए। उसका एक छोटा भाई है। युवक कश्मीरी फार्म घाट पर खनन सामग्री ढोने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली चलाता था लेकिन यह पता नहीं चल सका कि उसकी मृत्यु किस ट्रैक्टर ट्रॉली से हुई है। शाम तक पुलिस को हादसे की सूचना नहीं दी गई थी।