काशीपुर/सुल्तानपुर पट्टी। दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में घोड़ा बुग्गी चालक और एक बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक को टक्कर मारने वाले जेसीबी चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
नई बस्ती कटोराताल निवासी नबी हसन (28) पुत्र अली हसन घोड़ा बुग्गी चलाने का काम करता था। रविवार की सुबह वह घोड़ा बुग्गी लेकर बाजपुर रोड पर रेत लेने जा रहा था। इसी दौरान गौतमी हाइट होटल के निकट सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी घोड़ा बुग्गी का टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से घोड़ा बुग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि घोड़ा बुग्गी चला रहा नबी हसन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की एक 12 साल का पुत्र जावेद और एक नौ साल के बेटी रहनुमा है। मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।
इधर एक अन्य घटना में रविवार को सुल्तानपुर पट्टी आदर्श कॉलोनी निवासी नौशाद (19) पुत्र अली हुसैन बाइक से सुबह ड्यूटी पर था, कि करीब 8:30 बजे पिपलिया मोड पर सामने से आ रही जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी सरकारी अस्पताल काशीपुर में भर्ती किया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नौशाद का बड़ा भाई रिजवान सऊदी अरब में नौकरी करता है। नौशाद की मौत की खबर से उसके मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल किसी भी घटना में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।