काशीपुर। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध की यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ग्राम राईभूड़ (ठाकुरद्वारा) निवासी ओंकार सिंह ने ठाकुरद्वारा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि पांच वर्ष पूर्व उसने गांव के ही तेजपाल की पुत्री उषा के साथ प्रेम विवाह किया था। अब उसके दो बच्चे हैं। प्रेम विवाह के कारण उषा के पिता और भाई उसके परिवार से रंजिश रखते हैं।
तहरीर में ओंकार ने बताया कि आठ अगस्त को उसकी पत्नी की अपनी सास के साथ कहासुनी हो गई थी। उषा ने इसकी सूचना अपने मायके वालों को दी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर उसकी मां और पिता को पीट दिया। घटना में उसके पिता जयपाल सिंह (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर पर पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की थी। घायल जयपाल को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम जयपाल की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कटोराताल पुलिस चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ठाकुरद्वारा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मारपीट का मुकदमा धारा 304 में तब्दील किया जाएगा।