काशीपुर। धोखे से जमीन का बैनामा कर कब्जे की कोशिश करने के आरोप में एक प्रॉपर्टी डीलर समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के आठ साल बाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
मोहल्ला कानूनगोयान निवासी शंकर सिंह ने एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि गांव बैलजुड़ी में उनकी सात एकड़ कृषि जमीन थी। उसमें से एक एकड़ (0.405 हेक्टेअर) भूमि उसने मोहल्ला काजीबाग निवासी प्रॉपर्टी डीलर जाहिद हुसैन को बेची थी। शेष छह एकड़ जमीन पर वह काबिज है।
आरोप है कि डीलर जाहिद ने 12 अप्रैल 2012 को उसकी जमीन में से 0.325 हेक्टेअर भूमि ग्राम गौतमनगर, रामनगर निवासी नंदलाल आर्या को बेच दी। इसी दौरान उसे पता चला कि जाहिद कई और लोगों को उसकी जमीन अनधिकृत रूप से बेच रहा है। इसे बारे में जानकारी लेने के लिए वह अपनी जमीन पर गया तो वहां कई लोग आ गए। कहने लगे कि हमने जाहिद से यहां के प्लॉट खरीदे हैं।
आरोप है कि ये लोग उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि जाहिद ने धोखाधड़ी से खुद को जमीन का मालिक दिखाकर कई लोगों को फर्जी बैनामे और इकरारनामा कर दिए। इनमें काजीबाग निवासी जाहिद हुसैन, थानासाबिक निवासी जमीर अहमद, रहमखानी निवासी मनीष कुमार, फसियापुरा निवासी ओमप्रकाश, जसपुर के मोहल्ला छीपियान निवासी शाकिर हुसैन, रामनगर के मोहल्ला गुलरघट्टी निवासी नौशाद अली, आरके पुरम निवासी प्रमोद कुमार, जसपुरखुर्द निवासी नजाकत, प्रतापपुर निवासी सुरेंद्र, रामपुर निवासी गुरसरनजीत सिंह, कासमपुर (जसपुर) निवासी महेंद्र, कचनालगाजी निवासी गुरविंदर सिंह, मिस्सरवाला निवासी मुबारिक हुसैन शामिल हैं।
आरोप है कि 23 जून 2014 को ये सभी तीन, चार अन्य लोगों के साथ आ धमके और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई कर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।