कृष्णा दास की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन।
शांतिपुरी। किच्छा-हल्द्वानी हाईवे स्थित वीआईपी गेट के पास ट्रक से उतर रहे चालक की अज्ञात वाहन से मौत हो गई। पश्चिमी राजीवनगर बोरिंग पट्टी निवासी कृष्णा दास (30) पुत्र नंदन लाल दास सोमवार रात करीब आठ बजे कोतवाली क्षेत्र वीआईपी गेट के पास ट्रक से उतर रहा था कि तभी लालकुआं की ओर से तेजी से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे लालपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन पवन चौहान ने घायल कृष्णा को एंबुलेंस सेवा 108 की मदद से हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कार से कुचलकर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
जसपुर। गांव मंडुवाखेड़ा निवासी सुनील कुमार और अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक टीवी चैनल के पत्रकार हैं। बताया कि 12 अगस्त की शाम वह नगर से पैदल अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव मंडुवाखेड़ा निवासी ग्राम प्रधान के पति उदयवीर सिंह ने अपनी कार से कुचलकर दोनों को जान से मारने का प्रयास किया। उन्होंने बमुश्किल नाली में कूद कर जान बचाई। आरोप है कि कार में सवार लोगों ने कार का शीशा खोला और अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपने पिता ओमप्रकाश सिंह और माता के साथ आकर दोबारा अभद्रता कर धमकी दे गए। कहा कि वह नगर निगम रुद्रपुर में सफाई निरीक्षक हैं। इसलिए वह दोनों उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भूमि को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला
काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर निवासी चरन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि छह लोगों ने गुरुद्वारा और चकबंदी की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से उसे घेर कर मारपीट की। आरोप लगाया कि हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे। उन्होंने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।