रुद्रपुर। साक्ष्य छिपाने के आरोप में पुलिस ने हत्यारोपी की मां को गिरफ्तार कर लिया। एक साल पहले किच्छा के नशा तस्कर ने रंजिश में रंपुरा के युवक की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने बाद में उसेे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अब आरोपी की मां को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
17 सितंबर 2022 को वार्ड न. 22 रंपुरा निवासी धारा कोली अचानक लापता हो गया था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामले में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। करीब एक माह बाद सात अक्तूबर को पुलिस ने पीलीभीत में सड़ी गली अवस्था में उसका शव बरामद किया। जांच के दौरान पता चला कि किच्छा निवासी छतरपाल नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद था। आरोप था कि उसने बेल पर जेल से छूट कर कार में धारा कोली की हत्या कर दी थी और शव को पीलीभीत में फेंका दिया था। इसके बाद बेल का समय समाप्त होने पर वह 12 सितंबर को जेल चला गया था। छतरपाल को शक हुआ था कि नशा तस्करी के मामले में धारा ने पुलिस से उसकी मुखबिरी की है। इसी का बदला लेने के लिए उसने धारा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। इधर दो माह पहले पुलिस ने घटना में शामिल कार को छिपाने के आरोप में आरोपी छतरपाल के मामा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं कार के अंदर मौजूद साक्ष्य को मिटाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी छतरपाल की मां शांति देवी को गिरफ्तार किया। कोतवाल विक्रम राठौर का कहना है कि जल्द ही उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जाएगा।