केलाखेड़ा। हाईवे पर स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
शनिवार को करबला मोड़ पर यूपी के गांव (बेवक्ता रामपुर) निवासी सतनाम अपनी पत्नी अमरो बाई के साथ स्कूटी से केलाखेड़ा के गांव मझरा रहमतुल्ला में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव जा रहे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कॉर्पियो छोड़कर चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को गदरपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए रुद्रपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान अमरो बाई ने दम तोड़ दिया और कुछ देर बाद सतनाम सिंह की भी नब्ज थम गई। पोस्टमार्टम के बाद शव रविवार को घर लाया गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो और स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। इस घटना से उनके सभी परिजन और आसपास के लोग शोकाकुल हैं। उन्हें सांत्वना देने कई लोग पहुंचे।