रुद्रपुर। सिडकुल चौक पर सड़क किनारे खड़ी कार की पिछली सीट पर सो रहे चालक पर अज्ञात युवक ने दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू हाथ में लगने के बाद चालक ने भागकर जान बचाई। आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू कर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में भर्ती शादाब खान निवासी संजयनगर हाथीखाना लालकुआं ने बताया कि वह देवेश पटेल निवासी भोजीपुरा (यूपी) की कार का चालक है। कार रेलवे स्टेशन पर लगाई गई है। उसका कहना है कि रविवार रात को वह रेलवे के अधिकारियों को लेकर शहर से बाहर गया था। रातभर कार चलाने से उसकी नींद पूरी नहीं हो सकी थी।
सोमवार दोपहर को वह नींद पूरी करने के लिए सिडकुल चौक नेस्ले कंपनी के बाहर कार लेकर पहुंचा। कार को सड़क किनारे खड़ी करने के बाद वह पिछली सीट पर खिड़की खोलकर सो गया। शाम करीब पांच बजे कार के पास आए अज्ञात युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगते ही शादाब शोर मचाते हुए दूसरी साइड का दरवाजा खोलकर जान बचाने के लिए भागा।
इसी बीच अज्ञात युवक झाड़ियों में कूदकर फरार हो गया। सूचना पर ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल शादाब को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल पर हमलावर का भगवा रंग का गमछा मिला है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर हमलावर की तलाश की जा रही है।