काशीपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आईटी सेल में प्रदेश सचिव व कुमाऊं संयोजक रवि पपनै पर सोमवार देर रात नाकाबपोश लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। जानलेवा हमले और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने से कांग्रेसियों में रोष फैल गया।
उन्होंने एसपी को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सैनिक कॉलोनी निवासी रवि पपनै सोमवार रात लगभग 11 बजे घर जा रहे थे। गिरीताल स्थित निजी अस्पताल के पीछे सैनिक कॉलोनी को जाने वाले रास्ते पर वह एक फर्नीचर की दुकान पर बैठकर मोबाइल पर कुछ देखने लगे। इसी बीच एक वाहन से चार-पांच नाकाबपोश वहां पहुंचे।
उन्होंने रवि पर बेल्टों से ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान एक हमलावर युवक ने वीडियो भी बनाई। गिरीताल स्थित एक निजी अस्पताल के चिकित्सक के वहां आने पर हमलावर भाग गए। डॉक्टर ने घायल रवि का अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। मंगलवार को एसपी को सौंपी तहरीर में रवि ने कहा कि हमले में उनकी आंख, नाक, होंठ, सीने और पीठ पर चोटें आई हैं।
उन्होंने हमलावरों से भागकर जान बचाई। बताया कि हमलावरों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी है। कहा इन हमलावरों से उसको जान के खतरा बना हुआ है। वहां संदीप सहगल, विमल गुड़िया, अलका पाल, पार्षद अब्दुल कादिर, सरफराज हुसैन, नौशाद सोनू, मोहम्मद आरिफ सैफी आदि थे।