बाजपुर। गांव नंदपुर नरका टोपा में एक झोपड़ी में आग लगने से सामान के साथ गरीब पिता के अरमान भी जल गए। उसने बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर सामान खरीदा था। आग की चपेट में आने से सारा सामान नष्ट हो गया। दमकल टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मंगलवार को गांव नंदपुर नरका टोपा निवासी छोटे की झोपड़ी में अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। इस दौरान छोटे घर पर नहीं थे और उसकी पत्नी और बेटी झोपड़ी के बाहर बैठी थीं। झोपड़ी के भीतर कोई नहीं था।
आग की लपटें देख उन्होंने शोर मचाना शुरू किया जिस पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन विफल रहे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक झोपड़ी समेत सारा सामान जल चुका था।
गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शमशाद ने बताया कि छोटे की बेटी की तीन-चार महीने बाद शादी होनी है। परिवार के लोगों ने शादी के लिए नकदी और आभूषण सहित अन्य सामान खरीद रखा था जो आग में जल गया।
इधर, भौना कॉलोनी में मकान परिसर में बने मंदिर कक्ष में अचानक आग लग गई जिस पर लोगों ने बमुश्किल काबू पाया। संवाद