काशीपुर। गोद भराई कार्यक्रम में खाना बनाते समय रसोई गैस के सिलिंडर में आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से फ्रिज, कुर्सियां, इंवेटर, टीवी, कपड़े आदि लाखों का घरेलू सामान जल गया।
काशीपुर के आर्य नगर निवासी अशोक कुमार के घर में रविवार को उनकी भांजी साक्षी की गोद भराई का कार्यक्रम था। महिलाएं रसोई में खाना पका रही थीं तभी अचानक सिलिंडर में आग लग गई और आग की लपटें दूसरे कमरे तक पहुंच गई, जिससे वहां रखा सामान भी जल गया। घर में आग की लपटें व धुआं देख आसपास के लोग आग बुझाने लगे, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक लाखों का सामान जल गया था।