कुमाऊं में अधिकतर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जमापूंजी को साइबर ठग उड़ा ले रहे हैं। आठ महीनों में साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बैंक खातों से 10.41 करोड़ रुपये उड़ा लिए। साइबर थाने में 20 लाख से अधिक ठगी के 24 मामले दर्ज हुए हैं। ठगी के इन मामलों में शातिरों ने अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया। फर्जी कॉल, मैसेज, डिजिटल अरेस्ट और ईमेल के माध्यम से सरकारी नौकरी से रिटायर्ड कर्मचारियों को जाल में फंसाकर उनकी जमापूंजी हड़प ली। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।साइबर थाना और पुलिस विभाग ने इन मामलों की जांच शुरू कर दी है। ठगों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान तो चलाए जा रहे हैं लेकिन लोगों का जागरूक होना जरूरी है।
यहां करें शिकायत
टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें या भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
17 ठग पकड़े, 13 को भेजे नोटिस
साइबर ठगी के बाद आरोपियों को पकड़ना आसान नहीं है। ठग ऐसे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं जिन्हें पता ही नहीं रहता कि उनके नाम का कोई बैंक खाता चल रहा है। जब पुलिस इन्हें पकड़ने पहुंचती है तो हाथ कुछ नहीं लगता है। इस साल आठ महीने में पुलिस ने 17 ठगों को पकड़ा है और 13 की संलिप्तता मिलने पर उन्हें नोटिस भेजा है।