रुद्रपुर। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी से लोगों ने इसे धन निवेश का अच्छा रास्ता मान लिया है। अक्षय तृतीया पर्व ने इसे ज्यादा खास बना दिया है। ऐसे में इस बार लोग सोने व चांदी में निवेश करने के मूड में दिख रहे हैं। वहीं शादी-विवाह व पसंद के चलते भी अक्षय तृतीया पर बाजार खास बन गया है। सराफा और ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस बार साल 2019 की तरह बाजार गुलजार होगा।
अक्षय तृतीया पर्व पर सोने व चांदी की खरीदारी सबसे ज्यादा शुभ मानी जाती है। रुद्रपुर बाजार में स्वर्णकारों के यहां लोगों ने एडवांस बुकिंग कराई है। आभूषण निर्माता व विक्रेता विक्रम सिंह मेहता ने बताया कि दो साल से कोरोना के चलते बाजार में मंदी का माहौल देखने को मिल रहा था। इस बार लोगों का उत्साह देख कर ग्राहक व विक्रेता दोनों खुश हैं।
40 हजार मेें खरीदें एक तोला सोना
रुद्रपुर। बाजार में सोना खरीदने के इच्छुक लोग 18 कैरेट का सोना मात्र 40 हजार रुपये में 10 ग्राम खरीद सकते हैं जबकि 20 कैरेट का सोना साढ़े 44 हजार, 22 कैरेट 49 हजार व 24 कैरेट का सोना 52 हजार में खरीदा जा सकता है। आभूषण विक्रेता विक्रम सिंह ने बताया कि डायमंड की जूलरी 18 कैरेट के सोने में ही ज्यादा बेहतर मानी जाती है।
-अक्षय तृतीया पर ग्राहक आभूषण के अतिरिक्त चांदी के बर्तन व मूर्तियों को खरीदना भी पसंद कर रहे हैं।
-अक्षय तृतीया पर ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार कई तरह के आफर पेश कर रहे हैं।
-आभूषण खरीदते समय सोने व चांदी पर हॉलमार्क जरूर देखना चाहिए। हॉलमार्क ज्वेलरी को सरकार ने भी जरूरी कर दिया है। जो कि ग्राहक के लिए सुरक्षा व भरोसे का प्रतीक है।
-बाजार में ग्राहक लेटेस्ट डिजाइन की मांग कर रहे हैं जिसमें नए फैशन को खासी तरजीह दी जा रही है।
सुबह 5:39 मिनट से दोपहर 12 बजकर 18 मिनट तक है पूजा का शुभ योग
रुद्रपुर। अक्षय तृतीया के दिन मंगल रोहिणी योग व सर्वसिद्धि योग बन रहा है। ऐसे में अक्षय तृतीया पर सोना चांदी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार दिन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 5:39 मिनट से दोपहर 12 बजकर 18 मिनट तक बन रहा है।
ऑटोमोबाइल की बुकिंग भी शुरू
रुद्रपुर। अक्षय तृतीया व ईद का त्योहार एक ही दिन पड़ने से ऑटोमोबाइल बाजार भी चहक उठा है। कई लोगों ने वाहनों की पहले से बुकिंग कर दी है। कार विक्रेता विपिन बताते है कि वाहन की बुकिंग के ग्राहक इतने ज्यादा आ रहे है कि कंपनी समय से उन्हें गाड़ी नही प्रदान कर पा रही है। हर ग्राहक चाहता है कि वह त्योहार के उपलक्ष्य में गाड़ी खरीदकर घर में खुशियां लाए।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का अपना महत्व है। इस बार बीते दो वर्षों से कहीं ज्यादा व्यापार होने की संभावना है।
-समीर अग्रवाल, ज्वेलर्स, काशीपुर
बीते दो सालों से ऑटोमोबाइल सेक्टर मंदी की मार झेल रहा है लेकिन इस बार अक्षय तृतीया पर कारोबार काफी बेहतर होने का अनुमान है। -जितेंद्र हुड्डा, ऑटोमोबाइल कारोबारी काशीपुर