काशीपुर। श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। श्रद्धालुओं ने रास्ते में नगर कीर्तन का जो बोले सो निहाल के जयकारे के साथ पुष्प वर्षा से स्वागत किया।
सोमवार को रामनगर मार्ग स्थित श्रीगुरुद्वारा सिंह सभा से श्री गुरुद्वारा ननकाना साहिब तक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कई स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल थे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव पर श्री गुरुद्वारा सिंह सभा से श्री गुरुद्वारा ननकाना सहिब तक नगर कीर्तन का आयोजन किया। सुबह पांच बजे श्री गुरुद्वारा सिंह सभा से नगर कीर्तन आरंभ हुआ। नगर कीर्तन रामगर मार्ग पर होकर चीमा चौराहा पहुंचा। वहां से कटोराताल मार्ग पर होकर नागनाथ मंदिर से होकर श्रीगुरुद्वारा ननकाना साहिब पहुंचा। वहां पर श्री गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा लक्खा सिंह, हेड ग्रंथी बाबा सूबा सिंह, बाबा लखविंदर सिंह, कार सेवा वाले बाबा सुरेंदर सिंह ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।
नगर कीर्तन में सबसे आगे आतिशबाजी करते कार्यकर्ता, उनके पीछे बैंड बाजों की टीम, सड़क पर पानी का छिड़काव करता पानी का टैंकर, सड़क पर झाडू लगाकर सफाई करते श्रद्धालु, पीले वस्त्र पहने पंच प्यारे, श्री गुरुग्रंथ साहिब की सवारी, उनके साथ कीर्तन करती श्रद्धालु महिलाओं की टोली चल रही थी। श्रद्धालु जो बोले सो निहाल के जयकारे लगा रहे थे। श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन के साथ चल रही संगत को प्रसाद बांटा। लगभग दस बजे नगर कीर्तन श्री गुरुद्वारा ननकाना साहब से किला तिराहा होकर पुरानी सब्जी मंडी, सदर बाजार, नगर निगम मार्केट, एनडीटी मार्केट से एमपी चौक पहुंचा। वहां से श्री गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंच कर समापन हो गया। नगर कीर्तन में श्री गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुरु नानक सेकेंडरी स्कूल कुंडेश्वरी, श्री गुरुनानक माडल स्कूल, श्री गुरुनानक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं हाथों में श्री गुरुनानक देव के चित्र उठाए जयकारे लगाते चल रहे थे।
रास्ते में श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। नगर कीर्तन में श्री गुरुद्वारा सिंह सभा काशीपुर के अध्यक्ष जगजीत सिंह कोहली, जसपाल सिंह चड्ढा, गुरविंदर सिंह चंडोक, सतविंदर सिंह, करनैल सिंह गिल, विक्टर सेठी, जगजीत सिंह आनंद, भूूपेंदर सिंह सेठी, गुरविंदर सिंह सेठी, अमरजीत सिंह, रणजीत सिंह, प्रीतपाल सिंह सेेठी, गुरुनाम सिंह आदि शामिल रहे।
काशीपुर में निकले नगर कीर्तन में शामिल पंच प्यारे। संवाद- फोटो : KASHIPUR