काशीपुर। महल सिंह हत्याकांड के आरोपी शूटरों को रिमांड पर लाने के लिए पुलिस ने अदालत से उनके खिलाफ वारंट बी हासिल कर लिया है। मंगलवार को पुलिस टीम पंजाब की पटियाला जेल में वारंट दाखिल करेगी। फिलहाल दोनों आरोपी शूटर पंजाब पुलिस की अभिरक्षा में हैं। पीसीआर खत्म होने पर उन्हें काशीपुर लाया जाएगा। इसके बाद काशीपुर पुलिस शूटरों को पीसीआर पर लेगी।
ग्राम जुड़का निवासी पूर्व ग्राम प्रधान महल सिंह (64) की बीती 13 अक्तूबर को उनके घर पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भतीजे कर्मपाल सिंह एड ने कनाडा में रह रहे गुलजारपुर निवासी हरजीत सिंह उर्फ काले के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने कत्ल के आरोपी शूटरों को शरण देने के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
बीती 29 अक्तूबर को पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त आपरेशन में दविंदर बंबीहा गैंग के चार शूटरों को पंजाब के जिला मानसा निवासी साधु सिंह, जगदीश सिंह उर्फ दिशा, मनप्रीत सिंह उर्फ मणि उर्फ चुची, जसप्रीत सिंह उर्फ लॉक को गिरफ्तार किया था। इनमें से दो गैंगस्टर साधु सिंह और मनप्रीत सिंह ने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और सुखदूल सिंह उर्फ सुखा के इशारे पर खनन व्यवसायी महल सिंह की हत्या करने की बात कबूली थी।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि विवेचना अधिकारी ने महल हत्याकांड में वांछित दोनों आरोपियों साधु व मंजीत के बी वारंट प्राप्त कर लिए हैं। पुलिस टीम इन्हें पंजाब की पटियाला जेल में दाखिल करेगी। अभी आरोपी पंजाब पुलिस की कस्टडी में हैं। जेल में दाखिल होने के बाद दोनों को काशीपुर लाया जाएगा। उसके बाद उन्हें पीसीआर पर लेने के लिए अर्जी लगाई जाएगी। उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस इस हत्याकांड में वांछित अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसने का प्रयास करेगी।