रुद्रपुर। एसएसपी डीएस कुंवर ने अपराधियों की निगरानी के लिए एक और आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि आपराधिक वारदात में शामिल लोगों को जिले से बाहर जाने से पहले थाने में हाजिरी लगाकर कारण स्पष्ट करना होगा। इसके अलावा अपराधियों को अब थानों में हफ्ते में एक बार नहीं बल्कि दो बार उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
अपराध के लिहाज से ऊधमसिंह नगर कुमाऊं का सबसे संवेदनशील जिला है। हत्या, डकैती, अपहरण, लूट और चोरी के बाद अपराधियों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। जिले में हुई अधिकांश वारदातों के खुलासे पुलिस कर चुकी हैं। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए के लिए एसएसपी के निर्देश पर लगातार किराएदारों और संदिग्धों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अभी तक तीन हजार संदिग्धों को चिह्नित कर चुकी है।
एसएसपी कुंवर ने बताया कि अपराध को अंजाम देने के बाद अधिकांश बदमाश जिला छोड़कर दूसरे जिलों की शरण लेते हैं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में अपराधी जेल से छूटने के बाद भी सक्रिय रहते हैं। हिस्ट्रीशीटर और अन्य आरोपियों की प्रत्येक हफ्ते कोतवाली में एक बार परेड कराई जाती है। इसे अब हफ्ते में दो दिन किया जाएगा। बताया कि जिले से बाहर जाने पर अपराधियों को थाने में हाजिरी लगानी होगी। इसमें बताया होगा कि वह कहां और किस काम से जा रहा है।
होली पर अराजकता बर्दाश्त नहीं
रुद्रपुर। एसएसपी ने कहा है कि होली पर अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि होली के नजदीक आते ही लोग शराब पीकर हुड़दंग शुरू कर देते हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखने के आदेश सभी थाना, चौकी प्रभारियों को दिए गए हैं। होलिका दहन के कार्यक्रम को भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
हेलमेट नहीं पहना तो खैर नहीं...
रुद्रपुर। बाइक पर सफर कर रहे हैं तो हेलमेट अवश्य पहन लें। जिले में मंगलवार से पुलिस बाइक सवारों के खिलाफ चेकिंग अभियान शुरू करने जा रही है। एसएसपी ने बताया कि बाइक पर चालक और सवारी दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य है। चालक के अलावा दूसरा व्यक्ति हेलमेट का प्रयोग नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक सवारों के खिलाफ मंगलवार से जिले में अभियान चलाया जाएगा। हेलमेट नहीं पहनने पर बाइक सीज की जाएगी। (संवाद)
संदिग्धों के खिलाफ जिले में कार्रवाई जारी है। किराएदारों का सत्यापन नहीं करने वाले मकान मालिकों के चालान किए जा रहे हैं। अपराध में लिप्त लोगों को जिले से बाहर जाने से पहले थाने में हाजिरी लगानी होगी। - डीएस कुंवर, एसएसपी।