रुद्रपुर के मुख्य बाजार से श्रीकृष्ण की पोशाकें खरीदते लोग
रुद्रपुर। जन्माष्टमी के पर्व पर रुद्रपुर के बाजारों में शुक्रवार को दिनभर रौनक देखने को मिली। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों के लिए बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मुख्य बाजार, बाटा चौक, डीडी चौक, गाबा चौक, अटरिया मंदिर रोड और ट्रांजिट कैंप मार्केट में चहल-पहल बढ़ गई। दुकानों पर लड्डू गोपाल के लिए रंग-बिरंगे वस्त्र, मुकुट, माला, बांसुरी, झूले और सिंहासन सजे हुए थे।
इस बार मथुरा-वृंदावन से आई विशेष पोशाकें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। दुकानदारों के अनुसार, छोटी पोशाक 200 रुपये से लेकर बड़ी और डिजाइनर पोशाक 1400 रुपये तक बिक रही हैं। महिलाएं और बच्चे कान्हा के लिए झूला, पगड़ी और शृंगार का सामान खरीदते नजर आए। पूजा सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही।
फूल माला, तुलसी माला, चंदन, इत्र और पंचामृत सामग्री के साथ-साथ मिट्टी की मटकी और सजावटी सामान बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे भी ग्राहकों की भीड़ से खिले हुए थे। वहीं, शहर के मंदिरों में भी जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिरों को फूलों और लाइटों से सजाया गया है। रुद्रपुर के दुकानदार रमेश कुमार ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी पर बाजार में पिछले साल की तुलना में ज्यादा बिक्री हुई है। छुट्टी का दिन होने से सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।