रेलवे स्टेशन पर चने खा रही महिला बंदरों से बचने के प्रयास में रेलवे ट्रैक पर जा गिरी और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
रामनगर के कोसी रोड हनुमान गढ़ी निवासी नंदकिशोर आरटीएस डिपो हेमपुर में एमईएस विभाग में थे।
16 वर्ष पूर्व उनकी मृत्यु होने पर उनके स्थान पर उनकी पत्नी कमला देवी (44) को मृतक आश्रित के तौर पर मेड के पद पर नौकरी मिली थी। कमला मंगलवार को सुबह ड्यूटी पर आई थीं। कुछ देर बाद वह अपने सीनियर से कुछ देर में आने की बात कहकर कार्यालय से निकल गईं। करीब 9:45 बजे वह गोशाला रेलवे स्टेशन पर चने खा रही थी।
अचानक बंदर उस पर झपट पड़े। बंदरों को हटाते-हटाते वह पीछे की ओर खिसकीं और रेलवे ट्रैक पर जा गिरीं। तभी मुरादाबाद से रामनगर जाने वाली अप ट्रेन (55321) की चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई। मृतका का मायका भी लखनपुर (रामनगर) का है। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक विजय सिंह ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां है। उसकी बड़ी बेटी स्वास्थ्य विभाग दिल्ली में है, जबकि बेटा परीक्षा देने के लिए नासिक (महाराष्ट्र) गया हुआ है। उन्हें सूचना दे दी गई है।