बाइक से संतुलन खोकर ट्रक के नीचे आए युवक को मौत छूकर निकल गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि युवक बाइक से छिटककर दूर जा गिरा। जिससे उसे मामूली चोटें लगी। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे वार्ड तीन निवासी सज्जाद हुसैन (26) पुत्र इब्राहीम इंडेन गैस एजेंसी से बाइक (यूके06वी-2936) से घर वापस आ रहा था। बिज्टी चौराहा पर बिहार से माल लेकर सिडकुल के लिए आ रहे ट्रक (यूपी65बीटी-2146) को सज्जाद ने ओवरटेक किया।
जैसे ही वह ट्रक के पास पहुंचा वह संतुलन खो बैठा और ट्रक से जा टकराया। बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। जबकि, वह ट्रक से टकराकर दूर जा गिरा। इससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और सज्जाद को मामूली रूप से चोटें आई।
आसपास के लोगों ने घायल सज्जाद को तुरंत ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इधर, लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर, ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।