फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन फैक्ट्री में 22 फीट से गिरकर वेल्डर की मौत

Wed, 31 Oct 2018 12:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
काशीपुर में फैक्ट्री गेट पर पुलिस से नोकझोंक करते ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महुआखेड़ागंज औद्योगिक आस्थान में निर्माणाधीन दवा फैक्ट्री में करीब 22 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहा वेल्डर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शव को फैक्ट्री गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

विज्ञापन


महुआखेड़ागंज में एक दवा कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा है। कंपनी के प्रबंधन ने वहां फेब्रीकेशन का ठेका रुद्रपुर निवासी एक व्यक्ति को दिया है। उक्त व्यक्ति की ओर से मुरादाबाद निवासी महेश की देखरेख में वहां काम कराया जा रहा है। मंगलवार को महेश के साथ मुरादाबाद के थाना भगतपुर के ग्राम चतरपुर नायक निवासी सतवीर उर्फ रिंकू (20) पुत्र नेतराम, रामपुर निवासी शहजाद आदि काम कर रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे सतवीर ऊंचाई पर काम करते समय नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कई बार फोन करने के बावजूद 108 सेवा का फोन रिसीव नहीं होने पर साथी श्रमिकों ने उसे एक ग्रामीण की कार से काशीपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर अस्पताल पहुंचे ग्रामीण शव को लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। 

ग्रामीणों का कहना था कि करीब 22 फीट ऊंचाई पर काम कराने के बावजूद प्रबंधन की ओर से श्रमिक को सेफ्टी बेल्ट या हेलमेट उपलब्ध नहीं कराया था। प्रदर्शन की सूचना पर आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह, पैगा चौकी प्रभारी सरोज कांबोज, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। प्रबंधन से वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 
विज्ञापन


छह माह में ही उजड़ गया मीनाक्षी का सुहाग 
काशीपुर। निर्माणाधीन दवा कंपनी में काम कर रहे सतवीर की शादी छह माह पूर्व ही अमरोहा के नन्हेरा अल्यारपुरा निवासी मीनाक्षी से हुई थी। शादी के बाद पहले करवाचौथ पर उसने पति की दीर्घायु की कामना की थी, लेकिन तीन दिन बाद ही उसका सुहाग उजड़ गया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण सतवीर के पिता नेतराम भी रामनगर में मजदूरी करते हैं, जबकि भाई सतपाल सहारनपुर में काम करता है। सतवीर की मौत से उसकी मां अनारवती व पत्नी मीनाक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें