दिनेशपुर में ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दुर्घटनाग्रस्त बाइक
- फोटो : Amar Ujala
सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। रुद्रपुर में किच्छा मार्ग पर बगवाड़ा मंडी के पास अज्ञात वाहन की की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उधर, दिनेशपुर में शादी समारोह में जा रहे युवक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार सुबह नई बस्ती चक्कीमोड़ निवासी दीपक भट्ट (25) पुत्र पूरन भट्ट बाइक (यूए06ए ई-4744) से दिनेशपुर में शादी समारोह में भाग लेने जा रहा था। मुख्य मार्ग पर चक्कीमोड़ की ओर से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली (यूआरएन1181) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दीपक टायरों से कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनेशपुर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दीपक की मौत से मां प्रेमा भट्ट के अलावा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले दिया।
उधर, मंगलवार देर रात किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा मंडी के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को किच्छा की ओर से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने आसपास के लोगों से शव के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। कोतवाल तुषार बोरा ने बताया कि युवक की आयु लगभग तीस वर्ष है। ट्रक से कुचलने की वजह से शव क्षतविक्षत हो गया है।
दो बहनों का इकलौता भाई था दीपक
तीन भाई बहनों में दीपक इकलौता भाई था। उसकी बड़ी बहन पूजा की शादी चोरगलिया और छोटी बहन ममता की शादी हल्दूचौड़ में हुई है। पिता पूरन सिंह सिडकुल की एक कंपनी में गार्ड की नौकरी करते हैं। इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीपक ने पिता का हाथ बंटाने के लिए एक मैजिक खरीद ली। वह इस पर मटकोटा-गूलरभोज मार्ग पर सवारी ढोने का काम करता था। साथी चालक की मौत के बाद शोक में गूलरभोज-रुद्रपुर मार्ग पर चलने वाले मैजिक चालकों ने एक घंटे वाहन संचालन बंद रखा।