खेत के पास जलती सिगरेट फेंकने को लेकर विवाद हो गया, जिससे दो पक्ष आमन-सामने आ गए। बीच-बचाव को पहुंची युवतियों के कपड़े फाड़ दिए। मारपीट में दो युवतियों समेत आठ लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी में दाखिल कराया गया है। इधर, पीड़ित पक्ष के समर्थन में सैकड़ों लोगों ने कोतवाली का घेराव कर दिया। सीओ ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी ली और कोतवाल को आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पीड़ित पक्ष ने दस लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सोमवार की शाम करीब छह बजे बाईपास कालोनी वार्ड दस निवासी निवासी हीरा पुत्र परम बहादुर बाल कटिंग कराकर घर लौट रहा था। हाइवे किनारे गेहूं के पास कुछ युवक सिगरेट पी रहे थे। हीरा जब पास से गुजरा तो एक युवक ने गेहूं के खेत के पास जलती हुई सिगरेट फेंकी। हीरा ने इसका विरोध किया तो युवकों ने गाली-गलौच कर दी। इस पर मारपीट होने लगी।
आरोप है कि मोहल्ले की ही दो युवतियों समेत कई अन्य लोग जब बीच-बचाव को पहुंचे तो युवकों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। युवतियों के कपड़े फाड़ दिए। मारपीट में हीरा, कुसुम, तुलसी, रमेश, अमित, संजय, पंकज और सूरज घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
युवतियों से अभद्रता और मारपीट से आक्रोशित वार्डवासियों ने कोतवाली का घेराव किया और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी ली और कोतवाल बीएस भाकुनी को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पीड़ित पक्ष ने दस लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी पक्ष के तीन लोगों को उठाया है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।