एक महिला ने रोटी बेलते-बेलते सल्फास खाकर जान दे दी। पत्नी को फर्श पर मृत पड़ा देख बरामदे में शराब पी रहे पति ने भी वहीं एंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपति का पोस्टमार्टम करा शव उनके संबंधियों को सौंप दिए। ठाकुरद्वारा के रामनगर खागूवाला निवासी ट्रांसपोर्टर ताराचंद्र ने बुधवार सुबह कुंडा थाना पुलिस को सूचना दी कि ग्राम बसई में एक व्यक्ति अपने मकान में फंदे पर लटका हुआ है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। गृहस्वामी मालदा (बंगाल) निवासी महादेव उर्फ अरदेव (48) पुत्र बसंतो शाह का शव घर के बरामदे में एंगल से लटका हुआ पाया गया। बरामदे में चारपाई के पास शराब का पव्वा और खाली गिलास भी था। पुलिस ने कमरे में बाहर से लगा कुंडा खोला तो अंदर उसकी पत्नी झन्ना उर्फ झामा शाह (38) का शव फर्श पर पड़ा पाया गया। उसके शव से सल्फास की तीव्र दुर्गंध आ रही थी। मृतका के एक हाथ में आटे का गोला था।
मौके पर एक रोटी पकी हुई, एक गोला बेलन पर और कुछ गोले बने हुए रखे थे। कयास लगाया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान पति से हुई कहासुनी में उसने रोटी बेलते समय सल्फास खा लिया। पत्नी की मौत के बाद पति ने भी फांसी लगा ली होगी। बुधवार की सुबह पड़ोसन मंजू ने अपनी छत से महादेव का शव एंगल से लटका देखा। मंजू ने पड़ोसियों को इस बारे में बताया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी ठाकुरद्वारा के ग्राम दारापुर में रहने वाले उसके साले उत्तम सिंह को दी। मृतका झन्ना की तीनों बहनें नीलम, राजवती व सरस्वती भी वहां आ गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजनों को सौंप दिए।
झन्ना की पुत्री ने भी किया था प्रेम विवाह
काशीपुर। झन्ना शाह ने पहले पति गणेश की मौत के बाद खुद से दुष्कर्म करने के आरोपी अरदेव उर्फ महादेव से विवाह किया था। झन्ना शाह पहले पति गणेश के दो बच्चों पूजा और तपश को साथ लाई थी। पूजा ने दो साल पहले हरियावाला में एक पेपर मिल में काम करने वाले कानपुर निवासी युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। दो माह पहले तपश भी अपनी बहन के घर चला गया था। मां की आत्महत्या की सूचना पर पूजा अपने भाई तपश को लेकर हरियावाला पहुंची। उसके बाद ही शवों की अंत्येष्टि की गई।