भाई-बहन के पर्व रक्षाबंधन पर दो हादसों में चार बहनों ने अपना इकलौता भाई और एक अन्य हादसे में चार भाइयों ने अपनी बहन को खो दिया। युवक की शादी करीब चार माह पूर्व ही हुई थी, जबकि महिला की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। एक हादसा रुद्रपुर में तो दूसरा हादसा काशीपुर में हुआ। हादसों से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों ही मामलों में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
मूल रूप से पूरनपुर (पीलीभीत) के रहने वाला जसपाल सिंह (26) पुत्र संता सिंह ट्रांजिट कैंप में किराये पर रहता था और सिडकुल की टाटा कंपनी में काम करता था। रविवार सुबह करीब पांच बजे जसपाल बाइक (यूपी 25 एम 1560) से ससुराल अफजलगढ़ में रह रही पत्नी को लेने के लिए रवाना हुआ था। नेशनल हाइवे में ग्राम जाफरपुर से करीब दो सौ मीटर आगे अज्ञात वाहन ने जसपाल को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जसपाल को किस वाहन ने टक्कर मारी, इसका पता नहीं चल सका। एसएसआई जगदीश ढकरियाल ने बताया कि पुलिस से जानकारी के बाद मृतक की बहनें और पत्नी भी मायके से कोतवाली पहुंच गई थीं। मृतक की चार बहनें और तीन भाई हैं। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। एक बहन की शादी हो चुकी है। उसका बड़ा भाई बीमार रहता है। जसपाल परिवार का अकेला कमाऊ सदस्य था।
इधर, काशीपुर में ग्राम हरियावाला निवासी अनिल कुमार पुत्र कृपाल सिंह रामनगर रोड स्थित एक स्टील पाइप फैक्ट्री में बतौर हेल्पर का काम करता है। 15 जून 2014 को अनिल की शादी ग्राम बहादरपुर कांठ मुरादाबाद निवासी सुमन (24) पुत्री मलखान सिंह से हुई थी। शनिवार देर रात अनिल पत्नी सुमन को साथ लेकर बाइक से ढेला पुल स्थित एक अस्पताल में ममेरे साले को देखने जा रहा था। मुरादाबाद रोड स्थित आरटीओ चेकपोस्ट के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उसे टक्कर से मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे सुमन सड़क पर गिर गई और ट्राले का पहिया सुमन के सिर और पैरों पर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल सुमन को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका सुमन चार भाई और तीन बहनों में छठे नंबर की थी। उसका नौ माह का एक बेटा है। उधर, हादसे के बाद चालक ट्राला मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्राला कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जसपाल की गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
रुद्रपुर। सिडकुल की टाटा कंपनी में काम करने वाले जसपाल की चार महीने पूर्व ही शादी हुई थी। एसएसआई जगदीश ने बताया कि मृतक की पत्नी गर्भवती है। उसी को लेने के लिए जसपाल बाइक से ससुराल जा रहा था और हादसे का शिकार हो गया।
भाइयों को राखी नहीं बांध सकी सुमन
काशीपुर। मृतका के पति अनिल ने बताया कि भाइयों को राखियां बांधने के लिए सुमन दो दिन से तैयारी कर रही थी। भाइयों से मिलने के लिए वह बहुत खुश थी, लेकिन इस हादसे से राखी की सारी तैयारी धरी की धरी रह गई।