ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके से वाहन को रुकवाकर लिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए ट्रॉली में सवार लोग निकले, जबकि भागने का प्रयास कर रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़कर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बमुश्किल ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़वाया। देर रात काफी समझाने के बाद पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, स्थिति के तनावपूर्ण होने पर केलाखेड़ा और गदरपुर थाने से भी पुलिस फोर्स को मौके पर बुलवा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब आठ बजे ग्राम खानपुर पश्चिम में पॉपलर की लकड़ी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली (यूके 06 वाई 7796) केलाखेड़ा की ओर जा रही थी। गांव से गुजरने के दौरान सड़क किनारे खड़ा छत्रपाल का सात वर्षीय पुत्र विवेक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया और सभी टायरों की हवा निकाल दी। गुस्साए ग्रामीणों को देखकर ट्रॉली में सवार लोग भाग निकले, जबकि चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर धुनाई लगा दी।
इस बीच सूचना पर थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और चालक को हिरासत में ले लिया। स्थिति बिगड़ी देख थाना प्रभारी ने घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया। इसके बाद केलाखेड़ा और आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस फोर्स को गांव में तैनात कर दिया गया। देर रात सीओ महेश बिन्जौला और तहसीलदार जेपी गौड़ और एसडीएम विवेक प्रकाश भी मौके पर पहुंच गए थे। समाचार लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में थी। फिलहाल पुलिस को मामले की तहरीर नहीं सौंपी गई थी।