सिडकुल की फैक्ट्रियों में नौकरी का लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह की धरपकड़ में जुटी सिडकुल चौकी पुलिस ने गिरोह में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ठगों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले का खुलासा करते हुए सिडकुल चौकी प्रभारी केजी मठपाल ने बताया कि बीते रविवार को ग्राम लालपुर कलां तहसील टांडा बादली जिला रामपुर यूपी निवासी नदीम पुत्र मोहम्मद इस्लाम ने तहरीर सौंपी थी। इसमें कहा था कि उसने अपने भाई शमशुद्दीन के साथ कुछ समय पूर्व सिडकुल की अशोका लीलेंड कंपनी में नौकरी के लिए आवेदन किया था।
शनिवार को उसके मोबाइल पर किसी राजीव नाम के युवक का फोन आया था। फोन करने वाले ने दोनों भाइयों का कंपनी में नौकरी के लिए चयन होने की बात कहकर 8400 रुपये जमा करने की बात कही। कंपनी के गेट पर पहुंचने के बाद राजीव ने दोनों भाइयों से कंपनी की ड्रेस और आई कार्ड के नाम पर रुपये लिए और कुछ देर में सामान लेकर वापस आने की बात कहकर चला गया।
काफी देर बाद भी राजीव के वापस न आने पर उन्होंने राजीव को फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद आया। दोनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद राजीव की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। सोमवार सुबह दिनेेशपुर क्षेत्र से रमेश मंडल उर्फ राजीव निवासी चितरंजनपुर दिनेशपुर के साथ ही ठगी करने वाले उसके साथी ज्ञानेंद्र सुबोधी निवासी ग्राम कालीनगर थाना दिनेशपुर और प्रशांत मंडल निवासी ग्राम नेताजीनगर थाना दिनेशपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से बेरोजगार युवकों की डिटेल का एक रजिस्टर और कुछ बायोडाटा भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच पड़ताल की जा रही है।
महिला के नाम पर 1.10 लाख ऋण लेकर फरार हुई ब्यूटिक संचालिका
काशीपुर। सीओ को दिए प्रार्थना पत्र में सुभाष नगर कॉलोनी निवासी सुनीता देवी पत्नी भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि उसके पड़ोस में किराए पर रहने वाली एक महिला ब्यूटिक चलाती थी। पति के बीमार होने पर उक्त महिला से उसने रकम उधार ली थी, जो उसने चुका दी थी। इस महिला पर एक निजी बैंक का करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज है।
आरोप है कि उक्त महिला ने झांसा देकर बंधन बैंक से उसके नाम पर 80 हजार रुपये का ऋण ले लिया। इसके अलावा एक समूह से भी उसके नाम से 30 हजार की रकम ले ली। कुछ किस्तें जमा करने के बाद ब्यूटिक संचालिका मकान और दुकान छोड़कर कहीं चली गई है।
ऋण की किस्तें चुकता न होने पर बैंक और समूह की ओर से उस पर दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि ब्यूटिक संचालिका के बारे में जानकारी करने पर उक्त महिला के ग्राम खड़कपुर देवीपुरा भाई ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ राजेश भट्ट ने कोतवाली पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। ब्यूरो
आंखों का डॉक्टर बताने वाला जहरखुरान यूपी में गिरफ्तार
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में खुद को आंखों का डॉक्टर बताकर महिला मरीज को बेहोश कर लूट का प्रयास करने वाले जहरखुरान को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीती 30 जुलाई को रंपुरा निवासी शारदा शर्मा पत्नी आनंदस्वरूप आंखों का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल आई थीं।
इसी बीच एक व्यक्ति स्वयं को आंखों का डॉक्टर बताते हुए उनके पास पहुंचा। उक्त व्यक्ति ने उन्हें दवा खाने को दी, जिसके प्रभाव से शारदा शर्मा बेहोश हो गईं। इससे पहले कि दवा देने वाला युवक उनसे लूटपाट करता, शारदा के पति मौके पर पहुंच गए और आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में शारदा को बेहोश करने वाले जहरखुरान को चिह्नित कर लिया।
पुलिस जहरखुरान तक पहुंचती इससे पहले ही यूपी के थाना गढ़ मुक्तेश्वर पुलिस ने जहरखुरान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू बताया है। एसएसपी डा. सदानंद दाते ने बताया कि बबलू ने रंपुरा निवासी रमावती को भी रोडवेज स्टेशन के पास बेहोश कर उसके गले की चेन और नकदी लूट ली थी। बबलू से सामान रिकवरी के लिए उसके खिलाफ कोर्ट से बी वारंट लेने की तैयारी की जा रही है।