रामपुर से चरस और स्मैक खरीदकर नैनीताल बेचने जा रहे तीन युवकों को पुलिस ने धर दबोचा। उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये कीमत की चरस और स्मैक बरामद हुई है। आरोपियों ने कार से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते वे कामयाब नहीं हो सके। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
शनिवार की रात बाजार चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह टीम के साथ काशीपुर बाइपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच कार (यूके04एल8053) के चालक ने पुलिस को देख गति बढ़ा दी और कार को रुद्रा होटल वाली सड़क की ओर ले गया। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर कार को पकड़ लिया। खुद को घिरा देख कार सवार तीन युवकों ने दौड़ लगा दी। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
तलाश लेने पर रियासत पुत्र फिरासत खान निवासी बल्डूज होटल कंपाउंड मल्लीताल नैनीताल और प्रकाश ओली निवासी कोटेश्वर बेरीनाग पिथौरागढ़ के कब्जे से 4.31 ग्राम स्मैक, जबकि फैजान पुत्र अब्दुल रऊफ निवासी रॉयल होटल कंपाउंड मल्लीताल के कब्जे से 109 ग्राम चरस बरामद की।
एसआई जसविंदर ने बताया आरोपी रामपुुर से स्मैक और चरस खरीदते हैं और नैनीताल जाकर स्कूली बच्चों को बेचते हैं। वे एक महीने से नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों ने बताया नैनीताल में स्कूली बच्चों में नशीले पदार्थों की काफी मांग है, इसलिए मुनाफे के लालच में वे धंधे में लिप्त हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही कार सीज कर दी गई है।