फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फ्लोर मिल स्वामी के चालक से तमंचे के बल पर तीन लाख की लूट

Wed, 07 Nov 2018 12:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो  रुद्रपुर।
विज्ञापन
रुद्रपुर में उचक्कों द्वारा तोड़ा गया ट्रांसपोर्टर की कार का शीशा - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

किच्छा रोड स्थित देवी मंदिर में दर्शन के लिए गए एक फ्लोर मिल स्वामी के कार चालक को बंधक बनाकर लुटेरों ने कार में रखी तीन लाख से अधिक की नकदी लूट ली। पंतनगर थाना क्षेत्र से कार चालक को बरामद करने के बाद पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए चालक से पूछताछ में जुटी है। इधर, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। 

विज्ञापन


ईश्वर कॉलोनी रुद्रपुर निवासी सुरेश कुमार ढिंगरा पुत्र स्व. गोपाल कृष्ण की किच्छा में फ्लोर मिल है। मंगलवार को सुरेश कुमार अपने चालक बहेड़ी निवासी विजय राठौर के साथ किच्छा रोड पर खेड़ा स्थित नव दुर्गा मंदिर में दर्शन करने गए थे। इस दौरान चालक विजय कार लेकर मंदिर के बाहर ही खड़ा रहा।

सुरेश के अनुसार जब वह मंदिर में दर्शन कर करीब आधे घंटे बाद बाहर निकले तो वहां से कार और चालक दोनों गायब थे। फोन करने पर विजय का फोन भी नहीं मिला। करीब आधे घंटे बाद विजय ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके मंदिर जाने के बाद तीन अज्ञात लोग जबरन कार में बैठे और तमंचे के बल पर उसे बंधक बनाकर पंतनगर नगला के पास ले गए।
विज्ञापन


वहां उक्त युवक मारपीट कर कार में रखी तीन लाख 20 हजार की नकदी छीनकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नगला पहुंचकर चालक विजय से पूछताछ की। कोतवाल केसी भट्ट का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध लग रहा है। चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। 

मंदिर के बाहर लगे कैमरे में दिखी धुंधली तस्वीर 
फ्लोर मिल स्वामी के कार चालक से हुई लाखों की लूट मामले की जांच में जुटी पुलिस को खेड़ा मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कार सड़क किनारे करीब आधे घंटे तक खड़ी दिखी है, लेकिन फुटेज साफ न होने से कार के अंदर कितने लोग हैं, यह पुलिस स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। 


ट्रांसपोर्टर की कार का शीशा तोड़कर उड़ाए तीन लाख
रुद्रपुर। बिलासपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे ट्रांसपोर्ट स्वामी की कार का शीशा तोड़कर उचक्कों ने तीन लाख की नकदी चुरा ली। ट्रांसपोर्ट स्वामी के अनुसार उसने होटल की पार्किंग में कार खड़ी की थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

आदर्श कॉलोनी निवासी नरेश बब्बर का बब्बर ट्रांसपोर्ट के नाम से कारोबार है। सोमवार रात करीब नौ बजे नरेश परिवार के साथ एक विवाह समारोह में बिलासपुर रोड स्थित सोनिया होटल में पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार होटल की पार्किंग में खड़ी की थी। रात करीब एक बजे जब वह पार्किंग में कार लेने पहुंचे तो कार की बायीं तरफ का शीशा टूटा हुआ था और कार की डिक्की में रखी तीन लाख की नकदी गायब थी।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस को इस बात का भी अंदेशा है कि चोर कार चुराने आए थे, लेकिन कैश मिलने पर वह कार नहीं ले गए होंगे। नरेश ने जिस जगह पर कार को पार्क किया था, उस स्थान पर सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा था जिससे चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें