खेड़ा कालोनी में चोरों ने स्क्रैप व्यापारी के घर से 2.50 लाख रुपए और इतनी ही कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए। व्यवसायी के घर लाखों रुपए की चोरी होने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआवजा कर जानकारी ली। पुलिस को व्यवसायी ने तहरीर सौंप दी है।
वार्ड संख्या पांच खेड़ा निवासी इजहार हुसैन खेड़ा स्क्रैप का कारोबार करता है। सोमवार को रामपुर स्थित रिश्तेदार के घर में शादी थी। इस कारण घर में ताला लगाकर वह पूरे परिवार समेत रामपुर गया था। वह रात में देर से अपने घर पहुंचा। जबकि परिवार के अन्य सदस्य रामपुर में रिश्तेदार के घर रुक गए। रात को व्यवसायी घर में नीचे के कमरे में सो गया। मंगलवार की सुबह वह छत पर स्थित कमरे में गया तो वहां का ताला टूटा हुआ था। उसने अंदर जाकर देखा तो 2.50 लाख रुपए की नगदी और इतनी ही कीमत के जेवर गायब थे। यह देखकर व्यवसायी के होश उड़ गए। व्यवसायी ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। व्यवसायी ने रम्पुरा चौकी पुलिस को घटना की तहरीर सौंप दी है।
जनता से नरमी से पेश आने की हिदायत को पुलिस कर्मी थाने के बाहर छोड़ देते हैं। मित्र पुलिस के नाम से प्रसिद्ध पुलिस कर्मी पीड़ित जनता से अभद्रता करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे। व्यवसायी के घर चोरी बाद पुलिस की एक ऐसी ही संवेदनहीनता सामने आई। चोरी के शक में मोहल्ले वाले दो नशेड़ियों को खेड़ा स्थित पुलिस चौकी लेकर गए। वहां मौजूद हेड कांस्टेबल को दोनों के बारे में बताया। साथ ही दोनों से पूछताछ करने का आग्रह किया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने लोगों से अभद्रता करते हुए बाहर जाने को कहा। इस पर लोग भड़क गए। उनकी पुलिस कर्मी से नोकझोंक भी हुई। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।