शहर से गूलरभोज बाइक से जा रहे व्यक्ति पर नकाबपोश बदमाश ने फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनकर जैसे ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर अपनी बाइक से फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना एंबुलेंस 108 को दी। एंबुलेंस से घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां गंभीर हालत होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर सूचना के बाद भी पुलिस के देरी से आने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आक्रोश भी जताया।
गूलरभोज निवासी तारा चंद दुम्का (45) अपनी बाइक संख्या यूके 06 एन 4562 से गदरपुर से गूलरभोज जा रहा था। जब वह ग्राम सुखशांति नगर के पास पहुंचा तो पीछे बाइक पर तेज गति से आ रहे बदमाश ने तारा चन्द पर तमंचे से फायर झोक दिया। जब तक तारा चंद कुछ समझ पाता कि तमंचे के फायर उसके दायें बाजू व बायीं हथेली एवं सीने में लग गये, जिससे वह सड़क पर गिर गया।
वहां से गुजर रहे आस पास के लोगों को आते देख हमलावर अपनी बाइक से फरार हो गया। बताया जाता है कि हमलावर की उम्र करीब 35 साल के आसपास थी एवं उसका कद भी छोटा था। और उसने हेलमेट पहन रखा था और मुंह को भी ढक रखा था। घटना के बाद वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
वहीं सूचना पर पहुंचे एसआई एचएन जोशी और गूलरभोज चौकी प्रभारी योगेश चौहान ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर घायल की पत्नी गीता दुम्का से भी पूछताछ की। पुलिस ने घटना की सूचना वायरलेस से आसपास के थाना क्षेत्रों में दी। वहीं पुलिस टीम ने भी हमलावर की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया।
मामला पुरानी रंजिश का तो नहीं
गदरपुर। व्यक्ति को चलती बाइक में एक युवक द्वारा गोली मारे जाने की घटना से प्रतीत होता है कि कहीं ताराचंद की कोई पुरानी रंजिश का मामला तो नहीं है। हमलावर युवक जिस बाइक पर था वह बिना नंबर की थी तथा बाइक सीडी100 व काले रंग की बतायी जा रही है। पुलिस अलग-अलग बिन्दुओं पर जांच करने में लगी है ।
जुताई के पैसे मांगे तो मारी गोली
जसपुर में एक ग्रामीण को खेत की जुताई के पैसे मांगना जान पर भारी पड़ गया। आरोप है कि गुस्साए व्यक्ति ने तमंचे से ग्रामीण के पेट में गोली मार दी। आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया। घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है।
ग्राम कृपाचार्यपुर निवासी वीरेंद्र सिंह (22) ने ग्राम बगीची निवासी एक ग्रामीण के खेतों में अपने ट्रैक्टर से तीन दिन तक जुताई की थी। शुक्रवार शाम वीरेंद्र सिंह पैदल घर जा रहा था। रास्ते में ग्राम निवारमंडी और रामनगर के बीच वीरेंद्र की मुलाकात उक्त ग्रामीण से हो गई। जुताई के पैसे मांगने को लेकर ग्रामीण नाराज हो गया।
उसने अभी हिसाब करने की बात कहकर वीरेंद्र पर तमंचे से फायर झोंक दिया और गोली उसके सीने में घुसकर पार निकल गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले आरोपी ने दो और फायर झोंके थे।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल वीरेंद्र को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। ईएमओ डॉ. धीरेंद्र मोहन गहलौत ने बताया कि युवक की हालत गंभीर है। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया गया। घटना के बाद कृपाचार्यपुर गांव में ग्रामीण दहशत में हैं। परिजन घायल को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए हैं।