ट्रांजिट कैंप निवासी युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। छह माह पहले मृतक के पिता की भी मौत हुई थी।
पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप श्मशान घाट वाली रोड निवासी राजकुमार (17) पुत्र स्व. पप्पू सैनी सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। वह मां मीना देवी और दो बहनें सुनीता और अंजली के साथ रहता था। कुछ दिन पहले वह अपनी मां और बहनों को गांव उत्तर प्रदेश, जिला मुरादाबाद, थाना मूढ़ा पांडे के ग्राम सिहौर छोड़ने गया हुआ था। मंगलवार की रात वह वापस अकेला ही ट्रांजिट कैंप पहुंचा। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह उसने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब पड़ोसी किराएदार उसे उठाने गया तो वह फंदे से लटका हुआ मिला। इस पर उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष सुशील कुमार, एएसआई नंदन सिंह राठौर पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मुरादाबाद से पहुंच गए और शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसकी जांच की जा रही है।